उदयपुर। कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी पर विजय प्राप्त करने वाले 100 से अधिक कैंसर योद्धाओं के सम्मान में बुधवार को जीबीएच कैंसर हॉस्पिट...
उदयपुर। कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी पर विजय प्राप्त करने वाले 100 से अधिक कैंसर योद्धाओं के सम्मान में बुधवार को जीबीएच कैंसर हॉस्पिटल, बेडवास में एक भावनात्मक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैंसर विशेषज्ञों, चिकित्सकों और आमजन की उपस्थिति में कैंसर से जूझकर विजयी हुए योद्धाओं के अदम्य साहस को नमन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरएनटी मेडिकल कॉलेज के कैंसर विभागाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र राठौड़ रहे। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में जीबीएच कैंसर हॉस्पिटल अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों की टीम के साथ लगातार कैंसर मरीजों की सेवा कर रहा है। मरीजों का बढ़ता विश्वास और संख्या अस्पताल की गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि टोमोथेरेपी और अत्याधुनिक पीईटी-सीटी स्कैन मशीन पूरे राज्य में केवल जीबीएच के पास उपलब्ध है, जो गर्व का विषय है।
जीबीएच ग्रुप के चेयरमैन एवं अमेरिका में कार्यरत विश्वविख्यात कैंसर विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति कुमार जैन ने कहा कि कैंसर को हराना पूरी तरह संभव है। भारत में लगभग 70 प्रतिशत कैंसर से बचाव संभव है, जबकि शेष 30 प्रतिशत मामलों में जागरूकता, समय पर जांच और आधुनिक उपचार से तीन-चौथाई मरीजों को पूरी तरह स्वस्थ किया जा सकता है। उन्होंने कैंसर योद्धाओं से समाज में जागरूकता के दूत बनने का आह्वान किया, ताकि अन्य लोग इस बीमारी से समय रहते बच सकें।
वरिष्ठ न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. रेणु खमेसरा, जो स्वयं पिछले 30 वर्षों से कैंसर से संघर्ष कर रही हैं, ने भावुक संबोधन में सभी कैंसर योद्धाओं का हौसला बढ़ाया। कैंसर योद्धा धनकुंवर ने अपनी संघर्ष कहानी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने शिव की तरह विष पीकर कैंसर को हराया है, इसलिए उनका जीवन साधारण नहीं है।
इस अवसर पर कैंसर योद्धाओं का तिलक लगाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में कैंसर के कारणों और बचाव पर आधारित नाट्य मंचन एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को गहरा संदेश दिया। कैंसर योद्धाओं द्वारा साझा किए गए अनुभवों ने पूरे वातावरण को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम में अमेरिकन मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. विनय जोशी, डायरेक्टर डॉ. सुरभि पोरवाल, ग्रुप डायरेक्टर डॉ. आनंद झा, डॉ. दिनेश कोठारी, डॉ. मुकेश बडजात्या, कैंसर विशेषज्ञ डॉ. मनन सरूपरिया, डॉ. सचेत सक्सेना, डॉ. नारायण अधिकारी सहित अनेक चिकित्सक, विशेषज्ञ एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अंत में सभी कैंसर योद्धाओं व अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाकर कैंसर पर जीत संभव का संदेष दिया।
विधायक का संदेश
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन विधानसभा सत्र के चलते कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने कैंसर योद्धाओं के नाम संदेश भेजा, जिसे मंच से पढ़कर सुनाया गया।
ब्रेस्ट क्लिनिक का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान ब्रेस्ट क्लिनिक का भी शुभारंभ किया गया। इस क्लिनिक में नियमित रूप से डॉ. गरिमा मेहता द्वारा ब्रेस्ट संबंधी रोगों का उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।

No comments